2 फीट में बरगद, नीम और पीपल, भीलवाड़ा का यह बोनसाई गार्डन बना आकर्षण का केंद्र
Bhilwara Bonsai Garden: राजस्थान के भीलवाड़ा निवासी चंद्रवीर सिंह अपने अनोखे बोनसाई गार्डन के कारण चर्चा में हैं. उन्होंने अपने घर की छत और आंगन को हरियाली से सजाते हुए करीब 1000 बोनसाई पौधे तैयार किए हैं. इनमें नीम, बरगद, पीपल, गुलमोहर, अनार, नींबू, शमी और इमली जैसी कई प्रजातियां शामिल हैं. खास बात यह है कि इन पौधों की उम्र 25 से 50 साल तक है, जिन्हें चंद्रवीर पिछले 35 वर्षों से संवार रहे हैं. बड़े पेड़ों को 2 से 4 फीट के आकार में गमलों में तैयार करना उनकी कला और धैर्य को दर्शाता है. वह इन पौधों की देखभाल परिवार के सदस्य की तरह करते हैं और रोज घंटों सिंचाई, कटाई-छंटाई व पोषण में लगाते हैं. उनका यह प्रयास न केवल लोगों को आकर्षित कर रहा है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और पौधों के प्रति जागरूकता का भी संदेश दे रहा है.