अनोखी परंपरा: यहां स्थापना दिवस पर पतंग नहीं उड़ता है 4 फीट का ‘चंदा', देता है समाज को संदेश
Bikaner Chanda Tradition: राजस्थान के बीकानेर की 539 साल पुरानी अनोखी परंपरा “चंदा” आज भी नगर स्थापना दिवस पर पूरे उत्साह से निभाई जाती है. पतंग की तरह दिखने वाला यह चार फीट का गोलाकार चंदा कागज, सरकंडे और कपड़े से तैयार किया जाता है, लेकिन इसे मांजे से नहीं बल्कि मजबूत डोरी या रस्सी से उड़ाया जाता है. मान्यता है कि इस परंपरा की शुरुआत राव बीका ने बीकानेर स्थापना के समय की थी. चंदा केवल उत्सव का हिस्सा नहीं, बल्कि सामाजिक संदेश देने का भी खास माध्यम है. हर साल कलाकार इस पर शहर की समस्याएं, सामाजिक मुद्दे और समसामयिक विषयों को चित्रों व संदेशों के जरिए उकेरते हैं. महाराजा गंगा सिंह सहित राजघराने से जुड़े चित्र भी बनाए जाते हैं. यह परंपरा बीकानेर की सांस्कृतिक पहचान, लोककला और ऐतिहासिक विरासत को आज भी जीवंत बनाए हुए है.