EXCLUSIVE: अब बहुत हो गया! अलख पांडे ने खोला NEET पेपर लीक का पूरा कच्चा चिट्ठा

EXCLUSIVE: अब बहुत हो गया! अलख पांडे ने खोला NEET पेपर लीक का पूरा कच्चा चिट्ठा
NEET UG Exam Cancelled: इस वक्त देश में नीट परीक्षा 2026 को लेकर जो विवाद खड़ा हुआ है, उसने एक बार फिर पूरे एजुकेशन सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पेपर लीक के आरोपों और परीक्षा रद्द होने की खबर के बाद लाखों छात्र और उनके परिवार गहरे तनाव में हैं. Physics Wallah के अलख पांडे ने इस मामले पर अपनी राय रखते हुए कहा कि यह कोई पहली बार की घटना नहीं है, बल्कि पहले भी कई बार पेपर लीक और परीक्षा विवाद सामने आते रहे हैं. उनका कहना है कि छात्रों के साथ यह स्थिति अब 'डर और अनिश्चितता' का कारण बनती जा रही है. अलख पांडे के मुताबिक, सबसे चिंता की बात यह है कि परीक्षा से कई दिन पहले ही 'गेस पेपर' या लीक की अफवाहें फैलने लगती हैं, जिससे छात्रों का भरोसा सिस्टम पर कमजोर होता है. हालांकि कई मामलों में बाद में यह साफ होता है कि पूरा पेपर ही लीक हो चुका होता है, जिससे स्थिति और गंभीर हो जाती है. इस बार भी दावा किया जा रहा है कि परीक्षा से जुड़े सवाल पहले ही कुछ नेटवर्क्स तक पहुंच गए थे और उन्हें अलग-अलग तरीके से फैलाया गया. इससे पूरे सिस्टम की पारदर्शिता पर सवाल उठने लगे हैं. सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब परीक्षा केंद्रों पर इतनी सख्त चेकिंग होती है जूते, बोतल, घड़ी तक तो फिर सिस्टम के अंदर इतनी बड़ी चूक कैसे हो जाती है? चर्चा इस बात पर भी है कि पेपर लीक की जड़ें अक्सर प्रिंटिंग प्रेस और ट्रांसपोर्ट सिस्टम तक पहुंचती हैं, और वहां से यह एक बड़े नेटवर्क के जरिए सोशल मीडिया और टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म तक फैल जाता है. अलख पांडे ने यह भी कहा कि इस तरह के मामलों को हल्के में लेना सबसे बड़ी गलती है, क्योंकि इसका सीधा असर लाखों छात्रों के भविष्य पर पड़ता है, जिन्होंने अपनी जिंदगी के कई साल सिर्फ इस एक परीक्षा के लिए लगा दिए होते हैं.