ED की टीम जैसे ही बाहर निकली… सामने भीड़ की नारेबाजी, पूर्व CM विजयन के घर के बाहर जोरदार हंगामा
Pinarayi Vijayan ED raid: केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम से एक बड़ा और हाई-वोल्टेज मामला सामने आया है, जहां पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन से जुड़े एक कथित मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी (Enforcement Directorate) की टीम ने कई ठिकानों पर छापेमारी की. यह कार्रवाई सुबह से ही जारी थी और करीब 10 से ज्यादा जगहों पर एक साथ रेड की गई. जानकारी के मुताबिक, इस मामले में पिनराई विजयन की बेटी से जुड़ी एक कंपनी की जांच भी चल रही है, जिस पर मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप सामने आए हैं. इसी सिलसिले में ईडी की टीमें अलग-अलग लोकेशंस पर दस्तावेज खंगाल रही थीं. लेकिन असली ड्रामा तब देखने को मिला जब रेड खत्म होने के बाद ईडी अधिकारी वहां से निकलने की कोशिश कर रहे थे. जैसे ही अधिकारी बाहर आए, वहां मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने गेट पर ही उन्हें रोक लिया और जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी. माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया और स्थिति बिगड़ने लगी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गेट के बाहर काफी देर तक अफरातफरी और धक्का-मुक्की जैसे हालात बने रहे. कार्यकर्ता लगातार ईडी अधिकारियों से सवाल पूछते नजर आए, जिससे माहौल और ज्यादा गरमा गया. स्थिति को संभालने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल को मौके पर तैनात करना पड़ा. इसके बावजूद भी तनाव कम नहीं हुआ और कुछ जगहों पर विरोध इतना बढ़ गया कि कथित तौर पर पथराव और वाहनों में तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आईं. तिरुवनंतपुरम से सामने आई तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि मौके पर हंगामे का माहौल था और ईडी की गाड़ियों को घेरने की कोशिश की जा रही थी. सुरक्षा बलों को काफी मशक्कत के बाद अधिकारियों को सुरक्षित वहां से निकालना पड़ा. बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला मनी लॉन्ड्रिंग की जांच से जुड़ा हुआ है, जिसमें कई ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की गई थी. जैसे ही रेड की खबर सामने आई, राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई और समर्थकों की भीड़ वहां जुटने लगी.