बंजर जमीन से हर महीने 10 लाख की कमाई! अलवर के किसान ने खेत को बना दिया बिजलीघर
Earning Tips Through Solar Plant: राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले में अब खेत सिर्फ फसल नहीं बल्कि बिजली भी पैदा कर रहे हैं. कभी बेकार मानी जाने वाली बंजर जमीन आज किसानों के लिए लाखों की कमाई का जरिया बनती जा रही है. मातौर गांव के किसान चंचल कुमार ने अपनी 11 बीघा जमीन पर 2 मेगावाट क्षमता का सोलर प्लांट लगाकर पूरे इलाके में नई मिसाल पेश की है. इस प्लांट से रोजाना करीब 10 हजार यूनिट बिजली तैयार हो रही है, जिसे विद्युत निगम को बेचा जा रहा है. बताया जा रहा है कि इससे किसान को हर महीने लगभग 10 लाख रुपये तक की आय हो रही है.पीएम कुसुम योजना के तहत जिले में तेजी से सोलर प्लांट लगाए जा रहे हैं. बिजली विभाग के अनुसार खैरथल-तिजारा जिले में अब तक 24 सोलर प्लांट स्थापित हो चुके हैं. किसान अब अपनी खाली या कम उपजाऊ जमीन पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाकर स्थायी आय कमा रहे हैं. खास बात यह भी है कि सोलर पैनलों के नीचे सब्जियां और दूसरी फसलें उगाकर किसान दोहरा फायदा उठा सकते हैं.कभी बिजली कनेक्शन के लिए इंतजार करने वाले किसान अब खुद बिजली उत्पादक बन रहे हैं. इससे ग्रामीण क्षेत्रों में ऊर्जा आत्मनिर्भरता भी बढ़ रही है और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है.