नेशनल टेस्टिंग एजेंसी नहीं… नेशनल टेम्परिंग एजेंसी है NTA! नीट विवाद में पूर्व छात्र ने बताई कहानी
NEET UG Exam Cancelled: नीट परीक्षा 2026 को लेकर जो विवाद चल रहा है, उसने सिर्फ सिस्टम पर ही नहीं बल्कि छात्रों की मानसिक स्थिति पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने की खबरों के बीच एक ऐसा भावनात्मक किस्सा सामने आया है, जिसने सभी को अंदर तक झकझोर दिया है। न्यूज रूम में चर्चा के दौरान एक पूर्व नीट अभ्यर्थी और अब मीडिया टीम में काम कर रहे अभिषेक ने अपनी दर्दभरी कहानी साझा की. अभिषेक ने बताया कि वे खुद नीट की तैयारी के दौरान कोटा में तीन साल तक रहे और इस दौरान उन्होंने ऐसे मानसिक दबाव का सामना किया, जिसे शब्दों में समझाना आसान नहीं है. अभिषेक के मुताबिक, नीट की तैयारी सिर्फ एक बच्चे की नहीं होती यह पूरे परिवार, समाज और रिश्तेदारों का प्रेशर बन जाती है. लगातार पढ़ाई, कोचिंग का दबाव, उम्मीदों का बोझ और बार-बार परीक्षा से जुड़ी अनिश्चितता छात्रों को अंदर से तोड़ देती है. इसी दौरान अभिषेक ने यह भी कहा कि वह एनटीए को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी नहीं बल्कि 'नेशनल टेम्परिंग एजेंसी' कह सकते हैं, क्योंकि उनके अनुसार जिस तरह की गड़बड़ियां बार-बार सामने आती हैं, उससे छात्रों का भरोसा डगमगाता है. उनका कहना है कि नीट का एग्ज़ाम सिर्फ एक बच्चा नहीं देता उसके साथ पूरा परिवार, समाज और दोस्त भी मानसिक रूप से जुड़ जाते हैं और पूरा प्रेशर उसी बच्चे पर आ जाता है. पूरे साल की मेहनत, त्याग और उम्मीदें एक ही परीक्षा से जुड़ जाती हैं. उन्होंने यह भी बताया कि उनके समय में भी परीक्षा से जुड़े विवाद और गड़बड़ियों के कारण कई बार एग्ज़ाम को लेकर कन्फ्यूजन और तनाव बना रहता था. इसी मानसिक दबाव के कारण कई छात्र डिप्रेशन तक पहुंच जाते हैं. सबसे दर्दनाक हिस्सा तब सामने आया जब अभिषेक ने बताया कि उनके कोचिंग के दौरान उनके कई साथी इस प्रेशर को झेल नहीं पाए. कुछ ने अपनी जान तक दे दी, जिससे पूरा माहौल और भी डरावना हो गया था. अभिषेक ने बताया कि उस समय उनके एक दोस्त ने भी आत्महत्या की कोशिश की थी, जिसे किसी तरह बचाया गया. इस घटना ने उनकी सोच पूरी तरह बदल दी और उन्होंने मेडिकल फील्ड छोड़कर अपना करियर बदलने का फैसला किया. उन्होंने यह भी बताया कि जब वे असफल होकर घर लौटे, तो समाज और रिश्तेदारों की तानेबाज़ी और व्यंग्य ने उनके मानसिक तनाव को और बढ़ा दिया था.