Weather Update: यूपी में 46°C पार पारा, दिल्ली में भी बढ़ेगी गर्मी... IMD ने जारी किया अलर्ट

Weather Update: यूपी में 46°C पार पारा, दिल्ली में भी बढ़ेगी गर्मी... IMD ने जारी किया अलर्ट
Weather Update: देश के मौसम में इस समय बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. एक तरफ उत्तर और मध्य भारत भीषण गर्मी और लू की चपेट में है, तो दूसरी तरफ दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और आंधी-तूफान ने हालात बदल दिए हैं. मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए हीटवेव और बारिश दोनों का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश और तेलंगाना जैसे राज्यों में सूरज का असर अपने चरम पर है. गर्म हवाओं और तेज धूप ने दिन में बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है. कई जगहों पर लोग दोपहर के समय घरों में रहने को मजबूर हैं. IMD के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अगले 3 से 4 दिनों में तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. राजस्थान में तो रात का तापमान भी सामान्य से ज्यादा रहने का अनुमान है, जिससे गर्म रातें लोगों की परेशानी बढ़ा रही हैं. दिल्ली में भी हालात तेजी से गर्म होते जा रहे हैं. अगले तीन दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना है. फिलहाल बारिश की कोई बड़ी उम्मीद नहीं है, ऐसे में लू और गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी. खासकर दोपहर के समय बाहर निकलना जोखिम भरा हो सकता है. उत्तर प्रदेश इस वक्त देश के सबसे गर्म राज्यों में शामिल है. बांदा में 46.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो देश में सबसे ज्यादा रहा. पश्चिमी यूपी में गंभीर हीटवेव का अलर्ट जारी है, जबकि लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, आगरा, झांसी और नोएडा जैसे शहरों में तापमान 45 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है. आने वाले दिनों में हालात और कठिन हो सकते हैं. उत्तराखंड में अभी मौसम थोड़ा सामान्य है, लेकिन 20 मई के बाद गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम तेजी से बदल सकता है, इसलिए चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. बिहार में मौसम मिला-जुला रहेगा. कहीं गर्मी और उमस परेशान करेगी तो कहीं आंधी और हल्की बारिश से थोड़ी राहत मिलेगी. झारखंड में कई जगहों पर तेज हवाएं और बारिश की संभावना है, जबकि दिन में उमस बनी रहेगी.