VIDEO: हर हाथ में डमरू, हर तरफ 'हर हर महादेव'... सोमनाथ में PM मोदी के रोड शो में उमड़ा जनसैलाब

VIDEO: हर हाथ में डमरू, हर तरफ 'हर हर महादेव'... सोमनाथ में PM मोदी के रोड शो में उमड़ा जनसैलाब
Somnath Amrut Mahotsav: गुजरात के सोमनाथ में आज आस्था, उत्साह और भव्यता का ऐसा संगम देखने को मिल रहा है, जिसने पूरे माहौल को शिवमय बना दिया है. सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 साल पूरे होने पर आयोजित अमृत महोत्सव में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सोमनाथ पहुंचे, जहां उनके रोड शो में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा. न्यूज 18 इंडिया के रिपोर्टर दिनेश सोलंकी वहां मौजूद हैं और वहां से लाइव तस्वीरें बता रहे. सोमनाथ हेलीपैड से स्वामीजी सर्किल तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भव्य रोड शो निकाला गया. सड़क के दोनों तरफ हजारों लोग हाथों में डमरू और भगवा ध्वज लेकर खड़े दिखाई दिए. हर तरफ 'हर हर महादेव' और 'जय सोमनाथ' के जयकारे गूंज रहे थे. डमरू की थाप और शिवभक्ति के रंग में पूरा प्रभास क्षेत्र डूबा नजर आया. प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए लोग सुबह से ही सड़कों पर जमा हो गए थे. महिलाओं, युवाओं और बच्चों में खास उत्साह देखने को मिला. कई श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे और भगवान शिव के जयकारों के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत किया. कार्यक्रम के दौरान सोमनाथ मंदिर में विशेष कुंभाभिषेक का आयोजन भी किया जाएगा. इसके लिए देश के 11 पवित्र तीर्थों का जल लाया गया है. 51 वैदिक ब्राह्मण अति रुद्र पाठ करेंगे और महारुद्र यज्ञ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे. मंदिर के शिखर पर पवित्र जल से अभिषेक किया जाएगा. सोमनाथ में आज सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि सांस्कृतिक और आध्यात्मिक उत्सव जैसा माहौल दिखाई दे रहा है. शाम तक सूर्यकिरण एयर शो भी आयोजित किया जाएगा, जिसे लेकर लोगों में भारी उत्साह है.