VIDEO: आसमान में बना दिल, मंदिर पर हुई पुष्पवर्षा... PM मोदी के सामने सूर्यकिरण एयर शो ने जीता दिल
Somnath Amrut Mahotsav: गुजरात के सोमनाथ मंदिर में आज ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने हर किसी को रोमांच और गर्व से भर दिया. एक तरफ मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रों की गूंज थी, तो दूसरी तरफ आसमान में भारतीय वायुसेना के विमानों की गर्जना सुनाई दे रही थी. सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 साल पूरे होने पर आयोजित अमृत महोत्सव में सूर्यकिरण एयर शो ने पूरे माहौल को और भी भव्य बना दिया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस खास मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने मंदिर परिसर से एयर शो का शानदार नजारा देखा. एयर शो के दौरान सूर्यकिरण फॉर्मेशन के विमानों ने सोमनाथ मंदिर के ऊपर पुष्पवर्षा की. जैसे ही आसमान से फूल बरसने लगे, पूरा परिसर 'हर हर महादेव' के जयकारों से गूंज उठा. एयर शो में भारतीय वायुसेना के विमानों ने कई रोमांचक करतब दिखाए. आसमान में दिल की आकृति बनाकर पायलटों ने देशभक्ति और श्रद्धा का संदेश दिया. अरब सागर के किनारे उड़ते लड़ाकू विमानों की गर्जना और मंदिर की आध्यात्मिक ऊर्जा ने ऐसा दृश्य तैयार किया, जिसे देखकर लोग भावुक भी नजर आए. इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान सोमनाथ का जलाभिषेक और विशेष पूजा की. 11 पवित्र तीर्थों के जल से मंदिर के 90 मीटर ऊंचे शिखर पर कुंभाभिषेक किया गया. बताया जा रहा है कि पुनर्निर्मित सोमनाथ मंदिर के शिखर पर पहली बार इस तरह का कुंभाभिषेक आयोजित हुआ है.