Kerala CM News: 'मैं अंतिम सांस भी पार्टी के झंडे में लिपटे हुए लेना चाहता हूं', जिस कांग्रेस को छोड़ने की मची है होड़ वहां ऐसी बात कहने वाला नेता कौन?
2014 में केंद्र की सत्ता गंवाने के बाद कांग्रेस से नेताओं के पलायन का सिलसिला लगातार जारी है. कई पूर्व मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और सांसद बीजेपी व एनडीए में शामिल हो चुके हैं. इस बीच कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल का बयान चर्चा में है. केरल में मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल होने के बावजूद उन्हें नहीं चुना गया और वीडी सतीशन को जिम्मेदारी दी गई. इसके बाद वेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी का फैसला उन्हें पूरी तरह स्वीकार है. उन्होंने कहा, 'पार्टी ही मेरे लिए सब कुछ है. मैं अंतिम सांस भी कांग्रेस के झंडे में लिपटे हुए लेना चाहता हूं.' उन्होंने नई सरकार को पूरा समर्थन देने और आलाकमान के फैसले को सम्मानपूर्वक स्वीकार करने की बात कही.