3 मंजिला ‘गो-अपार्टमेंट’ में रह रहीं 6000 गायें! हैदराबाद की हाईटेक गौशाला देख रह जाएंगे दंग

3 मंजिला ‘गो-अपार्टमेंट’ में रह रहीं 6000 गायें! हैदराबाद की हाईटेक गौशाला देख रह जाएंगे दंग
Multi Level Gaushala : तेजी से बढ़ते शहरों में जहां इंसानों के लिए जगह कम पड़ रही है, वहीं हैदराबाद में एक ऐसी अनोखी गौशाला बनाई गई है जिसने गौ-सेवा की तस्वीर ही बदल दी है. जियागुड़ा स्थित समर्थ सद्गुरु गौशाला आज पूरे देश में चर्चा का विषय बनी हुई है, क्योंकि यहां गायों के लिए किसी साधारण शेड नहीं बल्कि तीन मंजिला “गो-अपार्टमेंट” तैयार किया गया है. इस हाईटेक व्यवस्था में 6,000 से ज्यादा गायों की देखभाल की जा रही है. सीमित जमीन और बढ़ती शहरी भीड़ के बीच यह मॉडल आधुनिक इंजीनियरिंग और सेवा भावना का शानदार उदाहरण बनकर उभरा है. इस गौशाला में सिर्फ बेसहारा गायों को आश्रय नहीं दिया जाता, बल्कि घायल, बीमार और सड़क हादसों में जख्मी गौवंश का इलाज और पुनर्वास भी किया जाता है. पुलिस और नगर निगम द्वारा रेस्क्यू किए गए पशुओं को भी यहां सुरक्षित रखा जाता है. खास बात यह है कि इस पूरी व्यवस्था को चलाने में समर्पित स्वयंसेवक दिन-रात जुटे रहते हैं. वर्षों से सेवा कर रहे गो-सेवकों की मेहनत ने इस जगह को सिर्फ गौशाला नहीं बल्कि “गायों का सुरक्षित घर” बना दिया है, जो आने वाले समय में दूसरे शहरों के लिए भी प्रेरणा बन सकता है.