14 दिन के लिए बीमार पड़ जाते हैं भगवान! 250 साल पुराने मंदिर की अनोखी परंपरा
Rajasthan Famous Temple: राजस्थान के कोटा शहर में स्थित करीब 250 साल पुराने जगदीश मंदिर की एक ऐसी अनोखी परंपरा है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह जाता है. यहां हर साल ज्येष्ठ पूर्णिमा के बाद भगवान जगदीश, बलभद्र और सुभद्रा को 14 दिनों का “बीमारी अवकाश” दिया जाता है. मान्यता है कि भीषण गर्मी में ठंडे जल से स्नान और आमरस का भोग लगाने के बाद भगवान अस्वस्थ हो जाते हैं, इसलिए उन्हें पूर्ण विश्राम कराया जाता है. इस दौरान मंदिर के पट बंद कर दिए जाते हैं और आम श्रद्धालुओं के दर्शन पूरी तरह रोक दिए जाते हैं. इतना ही नहीं, मंदिर की घंटियों और झालरों तक को कपड़ों से ढक दिया जाता है ताकि किसी प्रकार की आवाज भगवान के विश्राम में बाधा न बने. भगवान को इन दिनों विशेष काढ़ा और हल्का भोग अर्पित किया जाता है. कोटा के रामपुरा स्थित यह मंदिर आज भी सदियों पुरानी आस्था, परंपरा और भक्ति का जीवंत उदाहरण बना हुआ है. यह अनोखी परंपरा हर साल हजारों श्रद्धालुओं को आकर्षित करती है.