1 बजे तक दीदी टाटा बाय-बाय... बंगाल चुनाव रिजल्ट पर अमित शाह की भविष्यवाणी हो गई सच!
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों में अमित शाह की चुनावी भविष्यवाणी सच होती दिख रही है. सोमवार 4 मई को सुबह 8 बजे मतगणना शुरू होते ही बीजेपी ने तृणमूल कांग्रेस पर भारी बढ़त बना ली. दोपहर 12 बजे तक के रुझानों में भाजपा बहुमत के लिए जरूरी 148 सीटों के आंकड़े को पार कर चुकी है और लगातार आगे बढ़ रही है. इस चुनाव रिजल्ट के बीच अमित शाह की वह भविष्यवाणी फिर से चर्चा में गई है, जिसमें चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने कहा था, ' 4 मई को सुबह काउंटिंग चालू होगी, 8 बजे बैलेट बॉक्स खुलेगा, 9 बजे पहला राउंड, 10 बजे दूसरा राउंड और 1 बजे दीदी… टाटा बाय-बाय.' आज जब शुरुआती रुझान आए तो शाह की यह लाइन सोशल मीडिया पर वायरल हो गई. भाजपा कार्यकर्ता इसे 'अमित शाह की सटीक भविष्यवाणी' बता रहे हैं. अब तक के रुझानों के अनुसार भाजपा 180 से अधिक सीटों पर आगे चल रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस 100 के करीब सीटों तक सिमटती दिख रही है. 2021 में मात्र 77 सीटें जीतने वाली भाजपा इस बार सत्ता में आने की मजबूत दावेदार बन गई है.