जैसे ही AC का स्विच किया ऑन, बाहर निकल आए 3 जहरीले सांप, घर में मच गई चीख-पुकार
गुजरात के वलसाड में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक घर के स्प्लिट एसी से एक नहीं बल्कि तीन-तीन सांप निकल आए. घटना पाडी इलाके की बताई जा रही है. जैसे ही घर के लोगों ने एसी चालू किया, उन्हें उसके नीचे मोटे तार जैसा कुछ लटकता दिखाई दिया. पहले तो लगा कि एसी का कोई वायर बाहर निकल आया है, लेकिन करीब जाकर देखा तो होश उड़ गए. वह तार नहीं, बल्कि सांप था. सांप दिखाई देते ही घर में चीख-पुकार मच गई. परिवार वालों ने तुरंत एसी बंद किया और बाकी लोगों को बुलाया. किसी को समझ नहीं आ रहा था कि आखिर सांप एसी के अंदर पहुंचे कैसे. डर के माहौल में तुरंत स्नेक रेस्क्यू टीम को बुलाया गया. जब सांप पकड़ने वाली टीम मौके पर पहुंची और एसी खोलना शुरू किया, तब असली खौफ सामने आया. एसी के अंदर एक नहीं, बल्कि तीन सांप छिपे बैठे थे. पहला सांप तारों के पीछे कुंडली मारकर बैठा था. रेस्क्यू टीम ने बड़ी सावधानी से उसे बाहर निकाला और डिब्बे में बंद कर दिया. इसी दौरान एसी के पाइप के अंदर दूसरा सांप दिखाई दिया. उसे पकड़ने की कोशिश हुई तो वह तेजी से भागने लगा. कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, लेकिन आखिरकार उसे भी पकड़ लिया गया. तीसरा सांप भी एसी के अंदर ही छिपा मिला, जिसे बाद में सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया.