जैसलमेर की धरती से निकली नई ताकत, कई देश वाले तो सोच में पड़ गए होंगे
राजस्थान की रेतीली धरती ने एक बार फिर देश को बड़ी सौगात दी है. जैसलमेर के डांडेवाला फील्ड में प्राकृतिक गैस का नया स्रोत मिलने से ऊर्जा क्षेत्र में नई उम्मीदें जागी हैं. ऑयल इंडिया लिमिटेड को यहां पहली बार सानू फॉर्मेशन से गैस का सफल प्रवाह मिला है, जिसे भारत की ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है. शुरुआती जानकारी के अनुसार यहां से प्रतिदिन करीब 25 हजार स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर प्राकृतिक गैस का उत्पादन हो रहा है. विशेषज्ञों का मानना है कि इससे आने वाले समय में राजस्थान तेल और गैस उत्पादन के बड़े केंद्र के रूप में उभर सकता है. केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी इस उपलब्धि पर टीम को बधाई दी है. इस खोज से न केवल ऊर्जा क्षेत्र को मजबूती मिलेगी बल्कि राजस्थान में रोजगार, निवेश और औद्योगिक विकास के नए रास्ते भी खुलेंगे. आखिर जैसलमेर की इस खोज को इतना खास क्यों माना जा रहा है, देखिए हमारी यह खास रिपोर्ट.